
जयपुर, 01 दिसंबर 2025
शहर में धार्मिक आस्था और परंपरा का एक अद्भुत संगम 1 दिसंबर को देखने को मिलेगा, जब विवेक कल्याणार्थ श्री राम मारुति महायज्ञ महोत्सव के अंतर्गत श्री 1008 श्री रामेश्वर धाम बालाजी महाराज व शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर एक विशाल भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस पावन यात्रा की तैयारियाँ श्रद्धालुओं व स्थानीय समुदाय के बीच उत्साह का केंद्र बनी हुई हैं।
कलश यात्रा का शुभारंभ शिव मंदिर, केसरी चन्द चौधरी नगर से होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रारंभ होकर यात्रा आगे बढ़ते हुए श्री 1008 श्री रामेश्वर धाम बालाजी महाराज मंदिर प्रांगण, कनक विहार, अजमेर रोड, जयपुर पहुँचेगी, जहाँ विशेष पूजा-विधि और आयोजन होंगे।
आयोजकों ने कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं से आग्रह किया है कि वे प्रातः 7:15 बजे तक शिव मंदिर, केसरी चन्द चौधरी नगर पहुँच जाएँ, जिससे यात्रा समय पर शुरू की जा सके।
विशेष बात यह है कि कलश, नारियल, माला एवं दुपट्टा यात्रा हेतु निःशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि हर श्रद्धालु सुगमता से इस भक्तिभाव पूर्ण यात्रा का हिस्सा बन सके।
आयोजक लीलाधर दीक्षित का कहना है कि यह कलश यात्रा न केवल भक्तिभाव का प्रगटीकरण है, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक धरोहर और आध्यात्मिक उन्नति का भी प्रतीक है।
अंत में आयोजकों ने सभी भक्तों से समय का विशेष ध्यान रखने का अनुरोध किया है, जिससे यात्रा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके।
