सेना दिवस परेड 2026 का कर्टेन रेजर समारोह जयपुर में आयोजित

Spread the love

Jaipur, Saturday, 20 Dec 2025

सप्त शक्ति कमांड के तत्वाधान में सेना दिवस परेड 2026 के कर्टेन रेजर समारोह का आयोजन जेईसीआरसी विश्वविद्यालय, जयपुर में किया गया। यह भव्य आयोजन भारतीय सेना के अदम्य साहस, त्याग और अडिग भावना का उत्सव था। समारोह ने सेना की निस्वार्थ सेवा, साहस और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता जैसे शाश्वत मूल्यों को प्रदर्शित करते हुए युवाओं और नागरिकों को देशभक्ति, कर्तव्य और राष्ट्रीय एकता के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।  उन्होंने भारतीय सेना की अडिग पेशेवर योग्यता, अदम्य साहस और वीर परंपरा की सराहना की, साथ ही राष्ट्र निर्माण में उसकी गहन और स्थायी भूमिका को भी सराहा । उन्होंने कहा कि यह अद्भुत आयोजन सैन्य परंपरा और शौर्य के साथ राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एक अद्वितीय संगम प्रस्तुत करेगा। 

सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने अपने संबोधन में सशस्त्र बलों और राजस्थान के लोगों के अटूट संबंध पर जोर दिया तथा राष्ट्र की सुरक्षा, समृद्धि और कल्याण में सेना की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सैन्य छावनी की सीमाओं से बाहर, पिंक सिटी  जयपुर  में आयोजित इस ऐतिहासिक एवं प्रथम-प्रकार की सेना दिवस परेड का साक्षी बनें, जो भारत की सैन्य शक्ति और ऑपरेशनल उत्कृष्टता का भव्य प्रदर्शन होगी।

समारोह के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, वेटरन्स, सैनिक एवं उनके परिवार, एनसीसी कैडेट्स, जेईसीआरसी विश्वविद्यालय के छात्र और शिक्षक वर्ग उपस्थित थे। समारोह में वीर नारियों और वेटरन अचीवर्स को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया, जो सैनिकों और उनके परिवारों के बलिदानों तथा वेटरन्स द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक था।

इस अवसर पर सेना दिवस परेड 2026 का टीज़र भी प्रदर्शित किया गया, जो भारतीय सेना की समृद्ध परंपरा, गौरवशाली विरासत और उत्कृष्ट संचालनात्मक उपलब्धियों को दर्शाता है। इसे उपस्थित दर्शकों ने बड़े उत्साह और प्रशंसा के साथ देखा।

सेना दिवस परेड 2026 के कर्टेन रेजर समारोह ने राष्ट्र की वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और गौरव को दोहराया और क्षेत्र में सैन्य–सिविल संबंधों को और मजबूत किया। नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे इस ऐतिहासिक परेड को देखकर, देश की सेवा में तत्पर पुरुषों और महिलाओं के साहस और समर्पण का सम्मान और उत्सव मनाएँ।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *