सात समंदर पार गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’: रियाद में 400 प्रवासी भारतीयों ने की विघ्नहर्ता की वंदना…परदेस में जीवंत हुई सनातन परंपरा…

Spread the love

रियाद (सऊदी अरब) से राजीव कुमार की क़लम से…

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में गणेश चतुर्थी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। विदेश की धरती पर भारतीय सनातन संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला, जब भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों से आकर रियाद में निवास कर रहे लगभग 400 प्रवासी भारतीयों ने एक मंच पर एकत्रित होकर विघ्नहर्ता प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम में सभी भारतीयों के संयुक्त और आत्मीय प्रयास से पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से बप्पा की आरती उतारी और समस्त विश्व के कल्याण, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। परदेस में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को जीवंत रखने की यह पहल प्रवासी समुदाय के आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक बनी।

राजस्थान फाउंडेशन (रियाद चैप्टर) की रही गरिमामयी सहभागिता…

धार्मिक आयोजन में राजस्थान फाउंडेशन, रियाद चैप्टर के प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से भाग लिया। फाउंडेशन की ओर से संयुक्त सचिव श्री राजीव कुमार के साथ सक्रिय सदस्य श्री रमेश चौधरी, श्री रामतार देवासी, श्री जयकरण एवं श्री मुकेश झुंझुनू ने पूजा-अर्चना में सम्मिलित होकर अपनी सहभागिता निभाई। वहीं राजस्थान फाउंडेशन, रियाद चैप्टर के अध्यक्ष श्री विजय ने फोन के माध्यम से प्रवासी समुदाय को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए सफल आयोजन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
उपस्थित प्रवासी श्रद्धालुओं ने भावुक होते हुए कहा कि मातृभूमि से हजारों मील दूर रहकर भी इस तरह के सामूहिक सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन उन्हें अपनी जड़ों से जोड़े रखने के साथ-साथ एक नई ऊर्जा और अपनत्व का संचार करते हैं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रसाद वितरण और मंगलकामनाओं के साथ हुआ।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *