दक्षिण पश्चिमी कमान द्वारा आसफवाला वॉर मेमोरियल, फ़ाज़िल्का से साइकिल रैली का शुभारंभ

Spread the love

जयपुर, मंगलवार, 09 दिसंबर 2025

सेना दिवस जनवरी-2026 की तर्ज पर मनाए जा रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में, दक्षिण पश्चिमी कमान की साइकिल रैली का शुभारंभ 09 दिसंबर 2025 ऐतिहासिक आसफवाला वॉर मेमोरियल, फ़ाज़िल्का से किया गया। रैली को मेजर जनरल अनुज कालिया, जीओसी, अमोघ डिविजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सुश्री अमरप्रीत कौर संधू (IAS), डीसी फ़ाज़िल्का, गुरमीत सिंह, एसएसपी फ़ाज़िल्का, प्रसिद्ध साइकिलिस्ट आशा मालवीय और BSF पंजाब फ्रंटियर के अधिकारी उपस्थित रहे। सैनिकों और नागरिकों की उपस्थिति से पूरा माहौल देशभक्ति से भर उठा।

यह रैली सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, साहस और सेना की अटूट निष्ठा का प्रतीक है। 800 किलोमीटर से अधिक लम्बे इस चुनौतीपूर्ण रूट पर 23 जोशीले और अनुशासित सैनिक फ़ाज़िल्का, अबोहर, श्रीगंगानगर, करणपुर, अनूपगढ़, खाजूवाला और बीकानेर जैसे प्रमुख स्थानों से होते हुए यात्रा करेंगे और 16 दिसंबर 2025 को जयपुर पहुंचेंगे। 

रास्ते में रैली का उद्देश्य सीमा क्षेत्र के लोगों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और युवाओं से जुड़ना है। सैनिक विभिन्न जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रेरणादायक वार्ताएं, स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिनका उद्देश्य अनुशासन, सेवा, करुणा और राष्ट्रीय गर्व के संदेश को फैलाना है।

यह पहल फिटनेस, रोमांच और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूती देती है और भारतीय सेना तथा देश के नागरिकों के बीच मजबूत रिश्ते को दर्शाती है। यह रैली हमारे बहादुर सैनिकों के बलिदान, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करती है, जो हर मौसम और हर परिस्थिति में हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *