रियाद, सऊदी अरब |
रियाद – दीपों की जगमगाहट, राजस्थानी लोकगीतों की मिठास और अपनों से मिलने की खुशी… जब ये सब एक साथ मिल जाएं, तो बनता है “दीपावली स्नेह मिलन”। ऐसा ही एक भव्य और यादगार आयोजन 12 तारीख की शाम को रियाद में राजस्थान फाउंडेशन, रियाद चैप्टर की ओर से किया गया।
इस कार्यक्रम में सऊदी अरब में रहने वाले बड़ी संख्या में राजस्थानी प्रवासियों ने भाग लिया। पूरा माहौल ऐसा था, मानो रियाद में ही छोटा सा राजस्थान बस गया हो।




मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे काउंसलर
इस विशेष अवसर पर भारतीय दूतावास के कम्युनिटी वेलफेयर काउंसलर श्री साबिर जी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने सभी प्रवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि विदेश की धरती पर अपनी संस्कृति और परंपराओं को इस तरह जीवित रखना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने राजस्थान फाउंडेशन की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच प्रवासियों को एक परिवार की तरह जोड़ने का काम कर रहा है।
लक्ष्मी पूजन और आरती से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक माँ लक्ष्मी पूजन और आरती से हुई। दीपों की रोशनी में पूरा हॉल जगमगा उठा। सभी ने एक साथ मिलकर सुख-समृद्धि और भाईचारे की कामना की।
महिलाओं और बच्चों ने लूटी महफिल
इस स्नेह मिलन की सबसे खास बात रही महिलाओं और छोटे बच्चों के विशेष कार्यक्रम। महिलाओं ने राजस्थानी लोकगीतों और भजनों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं, तो नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सबका दिल जीत लिया। बच्चों के कार्यक्रम पर खूब तालियां बजीं। प्रत्युष वैष्णव ने मायड़ भाषा में सभी अतिथियों का स्वागत किया.
वक्ताओं ने रखे विचार
श्री गुलाम खान साहब ने भाईचारे और एकता का संदेश दिया। श्री रमेश जी चौधरी ने भारतीय दूतावास के काउंसलर श्री साबिर साहब का पूरे राजस्थान फाउंडेशन टीम से परिचय करवाया और प्रवासियों के कल्याण के लिए दूतावास के सहयोग की सराहना की।
अंत में श्री रामतार जी देवासी ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया और कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन रियाद चैप्टर के संयुक्त सचिव श्री राजीव कुमार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ त्योहार मनाना नहीं, बल्कि हर राजस्थानी को एक सूत्र में पिरोना है।
एक विजन, एक परिवार
सभी राजस्थानी प्रवासियों ने इस अवसर पर एक साथ मिलकर यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी इसी तरह एकजुट होकर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि विदेश में भी अपनी माटी की खुशबू और अपनापन बना रहे।
दीपावली स्नेह मिलन ने रियाद में भाईचारे, सौहार्द और राजस्थान की संस्कृति का एक शानदार संदेश दिया। यह शाम सभी के लिए अविस्मरणीय बन गई।
श्रीमती संजना जी वैष्णव ने प्रोग्राम का संचालन किया. संजना वैष्णव व कमला चौधरी ने पूजा, आरती और गेम्स का आयोजित करने में अपनी भूमिका निभाई. प्रोग्राम के सफल आयोजन में श्री जयकरण जी, मुकेश जी एवं कमल जी वैष्णव की अहम भूमिका रही !
राजस्थान फाउंडेशन रियाद चैप्टर सऊदी अरब