चिकित्सा गौरव सम्मान समारोह में 15 वरिष्ठ चिकित्सक व 2 नर्सिंग अधिकारी सम्मानित

Spread the love

आईएएस टीकमचंद बोहरा एवं डीआईजी दौलतराम अटल रहे मुख्य अतिथि, रक्तदान शिविर में दिया जनकल्याण का संदेश

जयपुर, 27 सितंबर। देवी नारायण पटवारी मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर स्थित ‘अभिनंदन’ जेडीए कम्युनिटी सेंटर में चिकित्सा गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 15 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को स्मृति चिह्न, शॉल एवं राजस्थानी साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री टीकमचंद बोहरा एवं राजस्थान पुलिस के डीआईजी श्री दौलतराम जी अटल रहे। अतिथियों ने चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। चिकित्सक अपनी सेवा, समर्पण एवं मानवीय संवेदनाओं के माध्यम से समाज के स्वस्थ एवं सशक्त निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा की।

समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. एस.एस. सांखला, डॉ. श्याम सुंदर शर्मा, डॉ. एस.पी. अग्निहोत्री, डॉ. सुरेश चंद्र बोहरा, डॉ. माया हाड़ा, डॉ. जीवन कांकरिया, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. जितेंद्र पहलाजानी, डॉ. कपिल देव, डॉ. आशीष जांगिड़, डॉ. रजनीश शर्मा, डॉ. अर्चना मीणा एवं डॉ. प्रकृति बोहरा व श्रेष्ठ नर्सिंग सेवाओं के लिए माला रोहित कृष्ण नंदन व ऊगम कंवर को सम्मानित किया गया ।

इस अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा, मानवता एवं जनकल्याण का संदेश दिया गया। शिविर ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन जयपाल सिंह मंडोता ने किया। समारोह के समन्वयक दिनकर सारस्वत एवं चंद्रप्रकाश गुप्ता रहे। ट्रस्ट के संयोजक रामदास पटवारी ने अतिथियों, सम्मानित चिकित्सकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *