साहित्य संगम कवि सम्मेलन में कविताओं और ग़ज़लों ने बाँधा समाँ

Spread the love

जयपुर। अखिल भारतीय सांस्कृतिक चेतना मंच के सौजन्य से साइंस पार्क ऑडिटोरियम में साहित्य संगम कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न कोनों से पधारे नामचीन कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को रसविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल लाइंस के विधायक गोपाल शर्मा जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखते हैं। उन्होंने मंच द्वारा संस्कृति को सहेजने के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल झा और प्रसिद्ध शायर लोकेश साहिल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। देवरिया से पधारे कवि आशीष द्विवेदी ने अपनी संवेदनशील कविताओं से श्रोताओं के मन को छू लिया। कवयित्री सपना शर्मा और अनुगूंज के मधुर गीतों ने भी सभा में विशेष रंग भरा।

वहीं शायर क्रिस गौड़, सौरभ चौहान, यादवेंद्र आर्य, मुकेश गुनीवाल, संतोष पुरस्वानी “संत” और यति बहल की ग़ज़लों ने श्रोताओं को वाह-वाह कहने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन कवि नीलमणि झा ने अपने चुटीले अंदाज़ और प्रभावी शब्दों से किया।
श्रोताओं की भारी उपस्थिति और तालियों की गड़गड़ाहट ने यह सिद्ध कर दिया कि साहित्य और शायरी का जादू आज भी लोगों के दिलों में बसा है। आयोजन के सफल संचालन और सुंदर प्रस्तुतियों ने इस शाम को यादगार बना दिया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *