”एक लड़की थी ज़मीं पर आसमानी”
राजेंद्र राजन जी का यह ग़ज़ल-संग्रह अपने नाम से ही पाठक को आकर्षित करता है
“मुस्कुराता चाँद है जिसकी निशानी / एक लड़की थी ज़मीं पर आसमानी”
शीर्षक में निहित रूमानी कल्पना और ज़मीनी सच्चाई का द्वंद्व ग़ज़ल की परंपरा से सीधा संवाद करता है। यही कारण है कि पाठक इस संग्रह को हाथ में लेते ही छोड़ नहीं पाता।

इस ग़ज़ल-संग्रह की आत्मा मानवीय अनुभूतियों में रची-बसी है..तन्हाई, स्मृति, आत्मसंवाद, रिश्तों की नाज़ुकता और समय की मार सब कुछ तो है:
“ख़ुद को भी तू सुन पाए इतनी तो तन्हाई रख”
जैसा शेर आधुनिक जीवन की सबसे बड़ी ज़रूरत..अपने भीतर उतरने की फुरसत को स्वर देता है।
राजन जी की ग़ज़लों में भावों का प्रदर्शन नहीं, अनुभूति की सादगी है।
“कभी आँसू छुपाए थे कभी हँसते रहे खुल के / बड़ा आसान लगता था मगर मुश्किल बड़ी आई”
जीवन की सहज दिखने वाली राहों के भीतर छिपी कठिनाइयों को बेहद संजीदगी से उकेरता है।
वहीं..
“सीख पाए न सलीका न हुनर बातों का / सिर्फ़ ख़ामोश इबादत में बदल दी दुनिया”
ग़ज़ल की उस सूफियाना रिवायत से जुड़ता है, जहाँ मौन स्वयं एक इबादत बन जाता है।
“याद रह-रह के सभी यार पुराने आए / बेठिकाना जो हुआ होश ठिकाने आए”
जैसा शेर स्मृति और आत्मसंयम के सुंदर संतुलन को रेखांकित करता है।
इस संग्रह की ग़ज़लें पाठक को उसकी अपनी स्मृतियों से जोड़ती प्रतीत होती हैं ..
“पुराने ख़त वही एहसास ले आए / यूँ ही बढ़ती घुटन में हैं कई आँसू”
यहाँ ग़ज़ल केवल अभिव्यक्ति नहीं, एक भावनात्मक आश्रय बन जाती है।
आदरणीय राजेंद्र राजन जी का यह ग़ज़ल-संग्रह शोरगुल से दूर, भीतर की आवाज़ सुनने का आमंत्रण है। यह उन पाठकों के लिए विशेष है जो ग़ज़ल में केवल रूमानीपन नहीं, बल्कि जीवन की सच्ची धड़कन तलाशते हैं। यह संग्रह संवेदनशील पाठकों के मन में देर तक ठहरने वाला है।
ग़ज़ल के ये शेर मानवीय जीवन के विविध पक्षों—विरह, आस्था, संघर्ष, प्रेम, स्मृति, समय और यथार्थ—को सरल किंतु मार्मिक शब्दों में अभिव्यक्त करते हैं। इनमें दिखावटी अलंकरण नहीं, बल्कि अनुभूत सत्य की सादगी है, जो पाठक को भीतर तक छू जाती है।
भीने से एहसास:
“चांद भी रात भर नहीं सोया
हम भी थे ज़ार ज़ार दूर तलक”
यह शेर विरह और बेचैनी का अत्यंत कोमल चित्र रचता है। चाँद का न सो पाना मानवीय दुःख का प्रकृति में प्रतिबिंब बन जाता है। ‘ज़ार ज़ार’ शब्द पीड़ा की तीव्रता को गहराई देता है।
“उस मालिक के रंग निराले देखे अपनी आंखों से
किसको उसने दी है दौलत किसको है कश्कोल दिया”
यहाँ नियति और ईश्वर की लीला पर सधा हुआ प्रश्न है। जीवन की असमानताओं को बिना विद्रोह, बल्कि स्वीकार और विस्मय के भाव से प्रस्तुत किया गया है।

“इश्क़ मुश्किल रहा कुछ हमारे लिए
हाँ मगर, शायरी कुछ भला कर गई”
यह शेर आत्मकथ्य है। प्रेम की विफलता के बीच शायरी को संबल और साधना के रूप में देखा गया है..
“सुनहरी गुनगुनी सी धूप को
मैं
अंधेरों से मिलाना चाहता हूँ”
यह शेर आशा और संघर्ष का सुंदर रूपक है..कवि प्रकाश को अंधकार से जोड़ना चाहता है—यानी जीवन की कठोर सच्चाइयों में भी कोमलता का प्रवेश।
“मीठी ज़िम्मेदारी थी
बिटिया एक कुंआरी थी”अहा!
दो पंक्तियों में सामाजिक यथार्थ का गहन चित्रण..‘मीठी’ और ‘ज़िम्मेदारी’ का विरोधाभास पिता के स्नेह और चिंता..दोनों को साथ रख देता है।
“कहने को तो वक़्त का मरहम हर ग़म को भर देता है
लेकिन हमको उम्र लगी है उसकी याद भुलाने में”
यह शेर स्मृति की ज़िद और प्रेम की गहराई को दर्शाता है। समय की शक्तिशालीपन पर एक कोमल, मानवीय असहमति..देता प्रतीत होता है।
“सोचा था मेहनत से पा लेंगे सब कुछ
चार निवालों में सारे कस-बल निकले”
यह शेर श्रम, संघर्ष और थकान का यथार्थवादी दस्तावेज़ है। सपनों और हकीकत के बीच का अंतर प्रभावी ढंग से उभारता है।
“ये शजर टूटता नहीं हरगिज़
आंधियों में जो झुक गया होता”
यह शेर जीवन-दर्शन का सार है..विनम्रता ,लचीलापन ही जीवन शक्ति है..—यह संदेश अत्यंत सहज और प्रभावशाली रूप में आता है
पुस्तक की भाषा सरल, बोलचाल की है, जिसमें उर्दू-हिंदी का स्वाभाविक मिश्रण दिखाई देता है, उर्दू शब्दों के अर्थ ग़ज़लों को रुचिकर बना रहे हैं। बिंब स्पष्ट हैं, प्रतीक अनावश्यक जटिल नहीं। यही सादगी इन शेरों की सबसे बड़ी शक्ति है।
इन शेरों की ग़ज़लियत भावों की सच्चाई में निहित है। ये शेर पढ़े नहीं जाते, महसूस किए जाते हैं। जीवन के छोटे-छोटे अनुभवों को बड़े अर्थ दे पाने की क्षमता ही राजन जी की साहित्यिक सफलता है।
कुल मिलाकर, ये शेर संवेदना, अनुभव और भाषा—तीनों स्तरों पर संतुलित और प्रभावशाली हैं।
“धूप में साथ है मेरा साया
सच हमेशा उसी से कहता हूँ”
यह शेर आत्मनिष्ठा और ईमानदारी का प्रतीक है। ‘साया’ यहाँ अंतःकरण का रूपक बनता है, जिससे कवि निस्संकोच सत्य कह पाता है।
“तेरी ख़ामोशी में कितने राज़ छुपे
पर उसका अंदाज़ लगाना मुश्किल था”
मौन की गहनता और संबंधों की जटिलता इस शेर में उभरती है। प्रेम में अनकहे की पीड़ा को सधे हुए शब्द मिले हैं।
“जब बिखरे हों चाँद सितारे आ जाना तुम ख़्वाबों में
फिर चाहे ये सारी दुनिया लाख हँसे इस ख़्वाहिश पर”
यह शेर प्रेम की निर्भीक स्वीकारोक्ति है। दुनिया की हँसी के बावजूद अपने स्वप्न को थामे रखने का साहस इसमें झलकता है।
“आँसू भी खुलकर हँसते हैं
छलका जाए प्यार अभी तक”
विरोधाभास के माध्यम से प्रेम की अतिशयता व्यक्त हुई है। आँसू का हँसना भावनाओं के उफान को दर्शाता है।
“मेरी ग़ज़लें दुनिया को सौग़ात लगें/
पैदा इनमें ऐसी बात करे कोई”
यह शेर रचनाकार की साधना और आकांक्षा को प्रकट करता है—कला के माध्यम से पाठक के मन में कुछ स्थायी छोड़ जाने की चाह।
“अपना रिश्ता ऐसा जिसमें
रस्में कम एहसास बहुत हैं”
यह शेर आधुनिक संवेदना का प्रतिनिधि है। दिखावटी परंपराओं से परे, सच्चे भावों पर टिके रिश्ते की कामना।
“मंज़िल पाना सबका सपना है लेकिन
आसान कब होती है ये मुश्किल यूँ ही”
यह जीवन-दर्शन का शेर है। सफलता की राह में श्रम और संघर्ष की अनिवार्यता को सहज ढंग से रेखांकित करता है।
“इक नज़र का असर देखिए
आइने मुस्कुराने लगे”
प्रेम की शक्ति का अत्यंत कोमल बिंब। दृष्टि की गर्माहट से निर्जीव भी सजीव हो उठता है।
“घर से दूर हमें जाना था अपने सपनों की ख़ातिर
माँ की भीगी आँखों ने रोक लिया था सच मानो”
यह शेर त्याग और ममता का मार्मिक चित्र है। सपनों और माँ के आँचल के बीच फँसा मन यहाँ स्पष्ट दिखाई देता है।
“चल पतंगे लूट लें कटती हुई
कुछ न कुछ आवारगी बाकी रहे”
यह शेर जीवन की अल्हड़ता और जोखिम को अपनाने का प्रतीक है। ‘पतंग’ और ‘आवारगी’ युवावस्था के रूपक बनते हैं।
“लिखने बैठा मीठी यादें
हाथों में झंकार अभी तक”
स्मृति की जीवंतता इस शेर की आत्मा है। अतीत का संगीत आज भी हाथों में गूँजता है।
“बंद दरवाज़ों तलक ठहरी कहानी है अभी
यूँ कहो के कुछ दिनों की शादमानी है अभी”
यह शेर अस्थायित्व का बोध कराता है। सुख के क्षणों को लेकर एक मीठी-सी चेतावनी।
“जादू जैसे दिन थे सारे
नींद हमारी ख़्वाब तुम्हारे”
यह शेर प्रेम की पूर्ण तल्लीनता का चित्र है, जहाँ अपना अस्तित्व भी दूसरे में विलीन हो जाता है।
“दूर के लोग उनके क़रीबी हुए
और मेरा दिल न जाने कहाँ रह गया”
रिश्तों में बदलते समीकरणों की टीस इस शेर की मूल संवेदना है।
“एक उम्मीद अब भी क़ायम है
हौसला है कि कुछ नया होगा”
यह शेर आशावाद का सुंदर उदाहरण है—थकान के बावजूद आगे बढ़ने की जिजीविषा।
“चार दिनों का मेला है
दूर सभी रुसवाई रख”
यह शेर जीवन की क्षणभंगुरता का बोध कराता है और सामाजिक भय से मुक्त होकर जीने का संदेश देता है।
भाषा सहज, भावप्रधान और संवादात्मक है। उर्दू-हिंदी का स्वाभाविक मेल शेरों को संप्रेषणीय बनाता है। बिंब छोटे हैं, पर प्रभाव गहरा है।
इन शेरों की सबसे बड़ी शक्ति इनकी सच्चाई और आत्मीयता है। ये शेर पाठक को न तो चमत्कृत करने की कोशिश करते हैं, न ही उपदेश देते हैं..बस मन की बात कहते हैं, और वहीं जीत जाते हैं।
कुल मिलाकर यह ग़ज़ल-संग्रह अनुभूति की ईमानदार अभिव्यक्ति है, जो ग़ज़ल की रूह को सहेजता है।

ज्योत्सना सक्सेना
साहित्यकार
पुस्तक प्राप्ति का लिंक
हृदय से धन्यवाद “माही संदेश”.. उत्कृष्ट पत्रिका में मेरे विचारों को प्रकाशित करने के लिए.. पत्रिका यूँ ही सकारात्मक विचार फैलाती रहे..समाज को सही दिशा दिखाने के लिए संकल्पित रहे.. अशेष मंगलकामनाएं
सादर साधुवाद
माही संदेश के संपादक मंडल को सादर आभार सहित प्रणाम। एक लेखक के लिए इससे बड़ा उपहार नहीं कि उसे पढ़ा जाए, गुना जाए और आत्मसात किया जाए । आदरणीया ज्योत्सना जी ने मेरे ग़ज़ल संग्रह की जो विस्तृत समीक्षा की है वह मेरे लिए एक उपहार से कमतर नहीं है । चुनिंदा अशआर पर विस्तृत समीक्षा हर ग़ज़ल प्रेमी को इस संग्रह को और जानने के लिए प्रेरित करती है । आपको साधुवाद ।। 🙏🌹🙏 राजेन्द्र राजन